छात्रों को अक्सर कड़े प्रतिस्पर्धी माहौल में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के बीच नाजुक संतुलन कायम करने की विकट चुनौती का सामना करना पड़ता है। परीक्षा अवधि के दौरान यह संतुलन विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है जब छात्रों को शिक्षा संबंधी परेशानियों और अपने कार्य से जुड़ी चिंता का सामना करना पड़ता है, जिसका उनके मानसिक और सम्पूर्ण स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है। निस्संदेह, परीक्षा की तैयारी महत्वपूर्ण है। लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण अध्ययन और स्वस्थ जीवन के बीच एक अच्छा संतुलन बनाकर रखना है।
आज, परीक्षा में ‘प्रदर्शन’ छात्रों के संपूर्ण दिलो दिमाग पर इस कदर छाया हुआ है कि उन्हें शिक्षा से जुड़े परिणामों के अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता है। इस तरह के अक्खड़ विचार हमारे छात्रों को बर्बाद कर देते हैं और उनकी रचनात्मकता व प्रतिभा का गला घोंट देते हैं। हम सभी अच्छी तरह से जानते हैं कि प्रत्येक बच्चा विशिष्ट रूप से संपन्न है और सभी शैक्षणिक दृष्टि से उत्कृष्ट नहीं हो सकते। परीक्षा परिणाम के आधार पर हम किसी बच्चे की प्रतिभा का अनुमान नहीं लगा सकते। परीक्षा परिणाम किसी छात्र के जीवन में सफलता का एकमात्र पैमाना नहीं होना चाहिए। हम सभी- माता-पिता, शिक्षक, मित्र और परिवार- को मिलकर और एकजुटता से काम करना चाहिए ताकि बच्चे को उसकी पूरी क्षमता का एहसास कराने के लिए सौहार्दपूर्ण वातावरण प्रदान किया जा सके। परीक्षा में प्रदर्शन न केवल स्वाभाविक प्रतिभा पर निर्भर करता है, बल्कि स्वस्थ शरीर और तेज दिमाग जैसी कई चीजों पर भी निर्भर करता है, जो शारीरिक मजबूती को बढ़ाता है और मस्तिष्क तेजी से ध्यान केन्द्रित करता है।
छात्र शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने के लिए परिवार, शिक्षकों और समाज की अपेक्षाओं का बोझ उठाते हैं। इससे एक अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो जाती है जो उन्हें मानसिक रूप से कमजोर और शारीरिक रूप से थका देती है। कभी-कभी, थकान के कारण उनकी ऊर्जा ख़त्म हो जाती है और इसका असर उनके स्वास्थ्य और खुशहाली पर पड़ता है। अत्यधिक तनाव मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं जैसे चिंता, डिप्रेशन और नींद संबंधी विकारों का जोखिम बढ़ाने वाला कारक माना गया है। इसलिए, मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना अत्यावश्यक है। इन चुनौतियों पर काबू पाने के लिए, छात्र हमेशा सकारात्मक सोच रखें, एकाग्रता का स्तर बढ़ाएं और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए व्यायाम, ध्यान और गहरी सांस लेने की आदत बनाएं, एक सुव्यवस्थित अध्ययन दिनचर्या स्थापित करें, कार्यों को प्रबंधनीय भागों में विभाजित करें और हासिल करने के यथार्थवादी शैक्षणिक लक्ष्य बनाएं। परामर्श सेवाओं तक पहुंच और मानसिक स्वास्थ्य के बारे में खुली जानकारी प्रदान करने से फिक्र या अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से जूझ रहे लोगों के लिए एक सहायक वातावरण भी बनता है।
परीक्षा के दौरान छात्रों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को कैसे बनाए रखा जा सकता है, इसके लिए निम्नलिखित व्यापक तरीकों पर ध्यान देना शिक्षाप्रद होगा:
छोटे ब्रेक और शारीरिक कार्य: शारीरिक स्वास्थ्य हमारी समग्र फिटनेस और स्फूर्ति को बनाए रखने के मूलभूत तत्वों में से एक है। नियमित व्यायाम न केवल हृदय स्वास्थ्य में सुधार करता है बल्कि तनाव को दूर करने के रूप में भी काम करता है। यह ज्ञान संबंधी कार्यों और जानकारी को याद रखने की क्षमता को बढ़ाता है, दोनों ही परीक्षा में प्रदर्शन में सुधार के लिए महत्वपूर्ण हैं। परीक्षा की तैयारी करते समय, छात्र हमेशा अपने स्वास्थ्य से अधिक प्राथमिकता अपनी पढ़ाई को देते हैं। हमें उन्हें स्ट्रेचिंग, वॉकिंग, जॉगिंग या योग जैसे कुछ शारीरिक कार्यों को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए जो तनाव को काफी हद तक कम कर सकते हैं, जिससे छात्रों को अपने दिमाग को रिचार्ज करने में मदद मिलेगी।

