पत्रकारों से संवाद और समन्वय को प्राथमिकता दी जाएगी : प्रियंका जोशी, डीआईओ, देहरादून

Uttarakhand

देहरादून। लघु समाचारपत्र एसोसिएशन द्वारा देहरादून की नव नियुक्त जिला सूचना अधिकारी श्रीमती प्रियंका जोशी के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर श्रीमती प्रियंका जोशी ने कहा कि सूचना विभाग का कार्यालय पत्रकारों के लिए सदैव खुला है। यह कार्यालय जितना विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का है, उतना ही पत्रकार साथियों का भी है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का सशक्त आधार है, जो शासन की योजनाओं, जनसमस्याओं और समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से सामने लाने का कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि सूचना विभाग और पत्रकारों के बीच सकारात्मक संबंध, निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय समय की आवश्यकता है। विभाग का प्रयास रहेगा कि पत्रकारों को समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए। पत्रकारों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संवाद की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाया जाएगा

श्रीमती जोशी ने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। इसलिए पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा तथा सभी के सहयोग से बेहतर कार्य संस्कृति विकसित की जाएगी।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लघु एवं मध्यम समाचारपत्र समाज के जमीनी मुद्दों को उठाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सूचना विभाग और पत्रकार संगठनों के बीच मजबूत तालमेल से जनहित के कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रियंका जोशी के नेतृत्व में पत्रकारों और विभाग के बीच रिश्ते और मजबूत होंगे।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री ब्रिजेन्द्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष एम.आर. कौशल, महिला विंग संयोजिका रचना गर्ग, महिला विंग प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मला जोशी तथा महानगर महामंत्री दीपक कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *